T20 WC: भारत को हराना PAK के लिए विश्व कप जीतने से ज्यादा बड़ा?

टी20 विश्व कप का आगाज हो चुका है। हालांकि, सबसे ज्यादा चर्चा नौ जून को न्यूयॉर्क में होने वाले मैच की हो रही हैं। उस दिन भारत का सामना कट्टर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान से होगा। टी20 विश्व कप में दोनों टीमें अब तक सात बार आमने-सामने आ चुकी हैं। इनमें से भारत ने छह मैच जीते, जबकि 2021 में पाकिस्तान ने 10 विकेट से जीत हासिल की थी। शाहीन अफरीदी की घातक गेंदबाजी के आगे केएल राहुल, रोहित शर्मा और विराट कोहली की एक नहीं चली थी। हालांकि, 2022 में भारत ने मेलबर्न में इसका बदला ले लिया था। 2021 में पाकिस्तान की जीत के हीरो रहे मोहम्मद रिजवान ने अब भारत के खिलाफ मैच को लेकर बयान दिया है। पाकिस्तानी फैंस में यह बात बहुत वायरल है कि वह टी20 विश्व कप हार जाएं, लेकिन भारत के खिलाफ उन्हें हार बर्दाश्त नहीं है। अब रिजवान ने इस पर बयान दिया है।

रिजवान ने भारत के खिलाफ मैच से पहले रमीज राजा को याद किया है। उन्होंने पाकिस्तानी खिलाड़ियों को पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के पूर्व अध्यक्ष का वह संदेश याद दिलाया, जिसकी बदौलत उन्होंने 2021 में जीत हासिल की थी। रिजवान ने खुलासा किया कि रमीज ने खिलाड़ियों से भारत के खिलाफ मैच जीतने के लिए कहा था, चाहे कुछ भी हो जाए। उन्होंने कहा, ‘हमने 2021 से पहले (विश्व कप में) कभी भारत को नहीं हराया था। रमीज राजा हमसे मिले और कहा, तुम्हें भारत को हराना है। जब उन्होंने यह बात कही थी, तब विश्व कप काफी दूर था। जब वह पहली बार पीसीबी अध्यक्ष बने थे, तभी से उन्होंने टीम में इस सोच को विकसित करना शुरू कर दिया था। जैसे-जैसे हम विश्व कप के करीब आते गए, उन्होंने कहा- भले ही आप ट्रॉफी जीतें या नहीं, बस भारत से मत हारना।’

रिजवान ने यह भी खुलासा किया कि चूंकि वह पहली बार विश्व कप में भारत का सामना कर रहे थे, इसलिए उन्हें वास्तव में जीत हासिल करने तक उस परिणाम के महत्व का एहसास नहीं था। उन्होंने कहा, ‘भारत और पाकिस्तान के बीच मैच हमेशा दबाव वाला होता है। लोग एक टूर्नामेंट में सभी मैच नहीं देख सकते हैं, लेकिन भारत-पाकिस्तान का मैच ऐसा है जिसे हर कोई देखता है। चाहे वे किसी भी देश के हों। उस समय हमारे साथ मैथ्यू हेडन थे। उन्होंने मेरे और कप्तान को गले लगा लिया और पूछा कि हम कैसा महसूस कर रहे हैं। कप्तान ने कहा कि हमने कड़ी मेहनत की थी और फिर सबकुछ ऊपर वाले के हाथ में छोड़ दिया था।

Leave a Comment